आर न्यूज/डेस्क : जिले के इचाक थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में होली क्रॉस स्कूल की शिक्षिका सोनाली लता की मौत हो गई। हादसा इचाक मोड़ के पास रात करीब 9 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोनाली लता स्कूटी से हजारीबाग लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी स्कूटी एक ट्रेलर की चपेट में आ गई।
यह भी पढ़े : जेएनएसी की किराया वृद्धि को लेकर दुकानदारों में चिंता, ऑल मार्केट एसोसिएशन ने कदमा बाजार में चलाया जागरूकता अभियान
बताया जा रहा है कि हादसे के समय सोनाली लता के साथ उनके परिचित लकी भी स्कूटी पर मौजूद थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने पीछा कर ट्रेलर चालक को पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और फरार ट्रेलर की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रेलर का पीछा करते हुए कोर्रा थाना क्षेत्र में चालक को पकड़ लिया। दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को नगवां टोल प्लाजा के पास खड़ा कराया गया है।
इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि ट्रेलर और उसके चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। घटना की जानकारी सोनाली लता के परिजनों को भी दे दी गई है।
सोनाली लता मूल रूप से धनबाद की रहने वाली थीं। वह हजारीबाग में किराए के मकान में रहकर होली क्रॉस स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम कर रही थीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की वजह और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
