आर न्यूज/डेस्क : राजधानी रांची में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एजी मोड़ के पास संत जेवियर स्कूल की चलती बस पर अचानक एक पेड़ गिर गया। हादसे के वक्त बस में करीब 40 स्कूली बच्चे सवार थे। पेड़ गिरते ही बस के अंदर बच्चों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़े : रांची में डिजिटल डेटा संरक्षण पर कार्यशाला, अधिकारियों को DPDP Act के अनुपालन की दी गई ट्रेनिंग
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी बच्चे या बस स्टाफ को चोट नहीं आई। सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
चलती बस पर अचानक गिरा पेड़
जानकारी के अनुसार, संत जेवियर स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान एजी मोड़ के पास अचानक एक पेड़ बस के ऊपर जा गिरा। पेड़ गिरने की तेज आवाज से बस के अंदर मौजूद बच्चे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों की मदद करने की कोशिश की।
हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित
पेड़ गिरने के बावजूद किसी भी बच्चे या बस स्टाफ को चोट नहीं लगी। सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा।
हादसे के बाद बच्चों और उनके अभिभावकों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा, लेकिन सभी बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद राहत मिली।
पुलिस और स्कूल प्रबंधन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस और स्कूल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का काम शुरू किया गया, ताकि यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके।
फिलहाल हादसे के कारणों और पेड़ गिरने की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
