आर न्यूज/डेस्क : चास थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए सोने की चेन और पेंडेंट झपट लिया। घटना जोधाडीह मोड़ से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े : नीमडीह में दिनदहाड़े 72 वर्षीय वृद्धा से सोने की चेन छिनतई, बाइक सवार दो युवक फरार
पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी है।
सब्जी लेकर घर लौट रही थीं महिला
पीड़ित महिला की पहचान विभा मालाकार के रूप में हुई है। वह कैलाश विहार में किराये के मकान में रहती हैं। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे वह घर से सब्जी खरीदने के लिए बाजार गई थीं।
सब्जी लेकर लौटते समय जैसे ही वह अपनी गली में दाखिल हुईं, वहां पहले से बाइक पर दो युवक मौजूद थे। आरोप है कि महिला के गली में प्रवेश करते ही बाइक सवार बदमाशों ने अचानक अपनी बाइक उनकी ओर मोड़ दी। इससे महिला दीवार से टकराते-टकराते बचीं।
झपट्टा मारकर चेन और पेंडेंट ले गए
महिला के संभलने से पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मार दिया। आरोपी करीब 12 ग्राम की सोने की चेन और उसमें लगा पेंडेंट छीनकर फरार हो गए। पीड़िता के मुताबिक, पेंडेंट की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये थी।
वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से महिला काफी घबरा गईं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के तुरंत बाद विभा मालाकार ने चास थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पीड़िता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में बाइक सवार दोनों संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े गली में महिला से हुई इस छिनतई की घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
