आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नई सोच की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आज विश्वविद्यालयों से निकलने वाले युवा ही आने वाले वर्षों में देश के विकास की दिशा तय करने में अहम योगदान देंगे।
यह भी पढ़े : चाईबासा में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
राज्यपाल सोमवार को झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, रांची के द्वितीय दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तकनीक के साथ नैतिकता और मानवीय मूल्यों पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि विज्ञान और तकनीक तेजी से लोगों के जीवन को बदल रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
हालांकि, तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ डेटा गोपनीयता और डीपफेक जैसी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। ऐसे में तकनीकी ज्ञान के साथ विवेक, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को बनाए रखना जरूरी है।
नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार के अवसर पैदा करें युवा
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी हासिल करना नहीं होना चाहिए। युवा अपने ज्ञान और कौशल का इस्तेमाल रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए भी करें।
उन्होंने कहा कि हर नया विचार एक सवाल से शुरू होता है—“क्या इसे और बेहतर किया जा सकता है?” युवाओं को समस्याओं से घबराने के बजाय उनका व्यावहारिक समाधान तलाशने की आदत विकसित करनी चाहिए।
झारखंड की जरूरतों पर हो तकनीकी अनुसंधान
झारखंड की संभावनाओं का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राज्य प्राकृतिक संसाधनों के साथ-साथ प्रतिभाशाली युवाओं से भी समृद्ध है। उन्होंने झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से अपने शोध और तकनीकी ज्ञान को राज्य की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जल, ऊर्जा, खनन, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी तकनीकी समाधान विकसित किए जाने चाहिए।
विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने का आह्वान
समारोह के अंत में राज्यपाल ने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान हासिल करने की प्रक्रिया डिग्री मिलने के साथ खत्म नहीं होती, बल्कि जीवनभर सीखते रहना सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, मेहनत और नई सोच के माध्यम से देश और झारखंड के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
