आर न्यूज/डेस्क : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गांधी घाट के समीप एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़े : शहीद सेलाय कुदादा के परिवार को 36 साल बाद भी सरकारी मदद का इंतजार, नौकरी और जमीन विवाद सुलझाने की मांग
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
टाटा रायसन कंपनी से माल लेकर हरियाणा जा रहा था ट्रेलर
वाहन मालिक के मुताबिक, ट्रेलर टाटा रायसन कंपनी से माल लेकर हरियाणा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान लिट्टी चौक के पास बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर ट्रेलर को रोकने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों से बचकर निकलने के दौरान चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इसी बीच गांधी घाट के पास चालक ट्रेलर पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद भारी वाहन सड़क पर पलट गया।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क से गुजर रहा कोई दूसरा वाहन या राहगीर ट्रेलर की चपेट में नहीं आया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बाइक सवार दो युवकों द्वारा ट्रेलर को रोकने की कोशिश किए जाने के दावे की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
