आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को उनके पैतृक गांव नेमरा में किया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।
यह भी पढ़े : शहीद सेलाय कुदादा के परिवार को 36 साल बाद भी सरकारी मदद का इंतजार, नौकरी और जमीन विवाद सुलझाने की मांग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां को मुखाग्नि दी।
बुधवार को रांची के अस्पताल में हुआ था निधन
लंबे समय से बीमार चल रहीं रूपी सोरेन का बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को रांची के हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया था। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव नेमरा लाया गया, जहां गांव के समीप नदी किनारे स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सोरेन परिवार के सदस्य, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से रूपी सोरेन को अंतिम विदाई दी।
इसी श्मशान घाट पर हुआ था शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार
गौरतलब है कि इसी श्मशान घाट पर करीब एक साल पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन का भी अंतिम संस्कार किया गया था। रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार और उनके समर्थकों में शोक की लहर है।
कई नेताओं ने जताया शोक
रूपी सोरेन के निधन पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी समेत कई नेताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
