आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरीयारा गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित एक देसी शराब भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया।
यह भी पढ़े : आशुतोष का कमाल! 3 मिनट 47 सेकंड में गाए 50 राग, बनाया एशिया रिकॉर्ड
इस दौरान टीम ने 50 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की, जबकि करीब 600 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट कर दिया।
उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में पुरीयारा गांव में छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र के पुरीयारा गांव में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान गांव में अवैध रूप से संचालित देसी शराब की एक भट्टी का पता चला।
टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शराब भट्टी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार रखा गया करीब 600 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट कर दिया गया।
50 लीटर अवैध शराब जब्त, छापेमारी के दौरान संचालक फरार
छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से 50 लीटर अवैध देसी शराब बरामद कर जब्त की। हालांकि, विभागीय टीम के पहुंचने की भनक लगते ही भट्टी संचालक मौके से फरार हो गया।
उत्पाद विभाग के मुताबिक, इस मामले में अरुण गोप नामक व्यक्ति के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। विभाग की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।
विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। इस कार्रवाई के बाद नीमडीह और आसपास के इलाकों में अवैध शराब के कारोबार पर उत्पाद विभाग की निगरानी बनी हुई है।
