र न्यूज /डेस्क: झारखंड के जमशेदपुर में वोटर लिस्ट पुनरीक्षण अभियान के दौरान सामने आए कथित फर्जीवाड़े के मामले में अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में तीन अफगान नागरिकों के नाम दर्ज पाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के संज्ञान में मामला आने के बाद जिला प्रशासन ने तीनों के खिलाफ गोलमुरी थाने में केस दर्ज कराया है। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें मोहम्मद इब्राहिम, मोहम्मद असलम और असिल खान शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए इन लोगों की ओर से वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज जमा किए गए थे। चुनाव आयोग के पोर्टल पर सत्यापन के दौरान इनके अफगान नागरिक होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद डीसी के निर्देश पर धालभूम एसडीएम अर्णब मिश्रा ने मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर मजिस्ट्रेट की ओर से गोलमुरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारत में मतदान का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में कैसे शामिल हुए और इसके पीछे किसी संगठित फर्जीवाड़े की भूमिका तो नहीं थी।