आर न्यूज/डेस्क : खाद्य सुरक्षा को लेकर झारखंड में बड़ी कार्रवाई शुरू की गई है। FSSAI (Food Safety and Standards Authority of India) की हिदायत के बाद राज्य में करीब 115 खाद्य उत्पादों की बिक्री और स्टॉक रखने पर रोक लगाई गई है। इसके बाद फूड सेफ्टी विभाग ने बाजार में उपलब्ध इन उत्पादों के स्टॉक की जांच और उन्हें वापस लेने यानी रिकॉल की प्रक्रिया तेज कर दी है।
यह भी पढे : जमशेदपुर के धतकीडीह में बुजुर्ग महिला की आंख में स्प्रे कर लूट की कोशिश, आरोपी महिला गिरफ्तार
इस कार्रवाई का असर झारखंड के कई बड़े शहरों में देखने को मिल रहा है। जमशेदपुर में विशाल मेगा मार्ट समेत कई शोरूम और डिपार्टमेंटल स्टोर्स में फूड सेफ्टी टीम ने जांच और छापेमारी की है। वहीं, राजधानी रांची में भी दुकानों, डिस्ट्रीब्यूटर्स और अन्य खाद्य कारोबारियों के यहां जांच का सिलसिला जारी है।
कई बड़े ब्रांड जांच के दायरे में
जिन खाद्य और पेय उत्पादों को लेकर कार्रवाई की जा रही है, उनमें कई ऐसे ब्रांड शामिल हैं जो आम तौर पर बाजार और घरों में आसानी से नजर आते हैं। इनमें पतंजलि मिल्क बिस्कुट, किंडर जॉय, सफोला टोटल हार्ट प्रो, रेड बुल, स्टिंग, मॉन्स्टर, गेटोरेड और अमूल शुगर-फ्री आइसक्रीम समेत कई उत्पाद शामिल बताए जा रहे हैं।
FSSAI की ओर से इन उत्पादों को लेकर लेबलिंग, उत्पाद संबंधी दावों और निर्धारित फूड स्टैंडर्ड के अनुपालन से जुड़े मुद्दों पर आपत्ति जताई गई है। विभाग की ओर से कारोबारियों को निर्देश दिया गया है कि संबंधित उत्पादों की बिक्री तत्काल रोकी जाए और उपलब्ध स्टॉक को वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाए।
दुकानदारों और डिस्ट्रीब्यूटर्स की बढ़ी परेशानी
रांची और जमशेदपुर में जांच के दौरान फूड सेफ्टी विभाग की टीमें दुकानों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के यहां उपलब्ध स्टॉक की जानकारी जुटा रही हैं। कारोबारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि प्रतिबंधित या जांच के दायरे में आए उत्पाद ग्राहकों को बिक्री के लिए उपलब्ध न कराए जाएं।
विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कारोबारियों के खिलाफ फूड सेफ्टी कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में दुकानदारों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच भी कार्रवाई को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
आगे भी जारी रह सकती है जांच
फूड सेफ्टी विभाग की यह कार्रवाई सिर्फ एक-दो दुकानों तक सीमित नहीं है। अलग-अलग इलाकों में स्टॉक की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित उत्पाद बाजार में किस स्तर तक पहुंच चुके हैं। अधिकारियों का फोकस ऐसे उत्पादों की बिक्री रोकने के साथ-साथ उपलब्ध स्टॉक को वापस लेने पर है।
फिलहाल जमशेदपुर और रांची समेत झारखंड के अन्य इलाकों में भी खाद्य उत्पादों की जांच आगे जारी रहने की संभावना है। उपभोक्ताओं को भी सलाह दी जा रही है कि वे किसी भी पैकेज्ड फूड या पेय पदार्थ को खरीदने से पहले उसकी पैकेजिंग, लेबल और संबंधित जानकारी को ध्यान से जांच लें।
