आर न्यूज/डेस्क : कदमा थाना क्षेत्र में चोरी और चापड़ से हमला करने के दो अलग-अलग मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है।
यह भी पढे : बागबेड़ा में 330 लीटर महुआ शराब बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
वहीं, शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से हमला करने के मामले में भी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बंद घर में चोरी का खुलासा
कदमा थाना क्षेत्र में बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मो. जफर खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कांसा और पीतल के बर्तन, चांदी के सिक्के तथा करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी तक पहुंचने में CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना ने अहम भूमिका निभाई। जांच के दौरान मिले सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही चोरी किए गए सामान को कहां-कहां खपाने की कोशिश की गई, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
शास्त्रीनगर में चापड़ से हमला, दो गिरफ्तार
वहीं, कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में 10 सितंबर की रात मो. कैफ पर चापड़ से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. दिलरेज खान और जीशान अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर खून लगा स्टील का चापड़ बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है। चापड़ से हमला मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। चोरी के मामले में बरामद सामान और हमले में इस्तेमाल हथियार को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस जल्द ही दोनों मामलों में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है।
