आर न्यूज/डेस्क : झारखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का दौर जारी है। राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह भी पढ़े :टाटानगर और रांची को मिली दुर्गा पूजा स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर को झारखंड समेत पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम बिगड़ने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बारिश और तेज हवा के कारण कई जगहों पर पेड़ या बिजली के तार गिरने जैसी स्थिति बन सकती है। किसानों और खेतों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। वज्रपात के दौरान पेड़ के नीचे खड़े होने, बिजली के खंभों के पास जाने और खुले मैदान में रहने से बचने की सलाह दी जाती है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज बारिश देखने को मिल सकती है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
