आर न्यूज/डेस्क : चूना भट्टा मैदान को बचाने और कथित अवैध जमाबंदी रद्द करने की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से अनशन पर बैठे भाजपा नेता और मैदान बचाओ संघर्ष समिति के सचिव विशु महतो समेत बस्तीवासियों ने शनिवार को अपना अनशन समाप्त कर दिया। लगातार पांच दिनों तक अनशन के कारण कई अनशनकारियों की तबीयत बिगड़ने लगी थी।
यह भी पढ़े : MMDR संशोधन के विरोध में झामुमो का राज्यव्यापी प्रदर्शन, प्रखंड मुख्यालयों पर दिया धरना
स्थिति को देखते हुए झारखंड आंदोलनकारी अनादि आचार्य और मीलू सरदार ने विशु महतो और राजेश गोप को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
तबीयत बिगड़ने के बाद लिया गया फैसला
अनशन खत्म कराने के दौरान आंदोलन से जुड़े लोगों और बस्तीवासियों की मौजूदगी रही। अनशनकारियों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग चूना भट्टा मैदान की जमीन की जांच और जमीन से जुड़ी कथित अनियमितताओं को दूर करना है। पांच दिनों तक चले अनशन के बाद स्वास्थ्य को देखते हुए फिलहाल अनशन समाप्त किया गया है।
मैदान बचाने की लड़ाई जारी रखने की बात
अनशन खत्म करने के बाद विशु महतो ने कहा कि चूना भट्टा मैदान को बचाने की लड़ाई खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मैदान और जमीन से जुड़े मामले को लेकर संवैधानिक तरीके से आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
विशु महतो ने आरोप लगाया कि राज्य में जल, जंगल और जमीन से जुड़े मामलों में लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं और भू-माफियाओं को संरक्षण मिलने की शिकायतें भी उठती रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को बस्तीवासियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
जमीन की भौतिक जांच कराने की मांग
विशु महतो ने कहा कि चूना भट्टा मैदान की जमीन की भौतिक जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही जमीन की कथित अवैध जमाबंदी को रद्द करने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासनिक स्तर पर उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए मामले को अदालत तक ले जाया जाएगा।
उन्होंने यह भी मांग की कि जमीन के रिकॉर्ड में अगर किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
बड़ी संख्या में बस्तीवासी रहे मौजूद
अनशन समाप्त कराने के दौरान रमेश हांसदा, अधिवक्ता सुमित गोराई, शिवनाथ लोहरा, कालीचरण लोहरा समेत बड़ी संख्या में बस्तीवासी मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने कहा कि चूना भट्टा मैदान को लेकर उनकी मांगें पूरी होने तक वे लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
