आर न्यूज/डेस्क : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता योगेंद्र साव को पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। समिति ने उनसे तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के साथ ही व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर यह बताने को कहा है कि पार्टी संविधान के तहत उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।
यह भी पढ़े :पुरुलिया कुड़मी महाजुटान में जयराम महतो पर शुभेंदु अधिकारी का पलटवार, बोले- चुनावी नेताओं के
नोटिस अनुशासन समिति के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव की ओर से जारी किया गया है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भी इसकी पुष्टि की है। पार्टी के मुताबिक, हाल में मीडिया के जरिए योगेंद्र साव की ओर से दिए गए कुछ बयानों को संगठन ने गंभीरता से लिया है। कांग्रेस का कहना है कि इन बयानों को पार्टी के सिद्धांतों और नेतृत्व के निर्देशों के विपरीत माना गया है।
पहले भी हो चुकी है अनुशासनात्मक कार्रवाई
कांग्रेस के नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि योगेंद्र साव के खिलाफ पहले भी पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई हुई थी। बाद में पार्टी नेतृत्व ने उनके लंबे संगठनात्मक योगदान को देखते हुए निष्कासन का फैसला वापस ले लिया था। अब एक बार फिर उनके सार्वजनिक बयानों को लेकर पार्टी ने अनुशासनात्मक प्रक्रिया शुरू की है।
तीन दिन में देना होगा जवाब
अनुशासन समिति ने साव से तय समय सीमा के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा है। उन्हें लिखित जवाब देने के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर भी स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद पार्टी की अनुशासन समिति उनके जवाब और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय ले सकती है।
फिलहाल योगेंद्र साव की ओर से इस नोटिस पर उनका विस्तृत जवाब सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सबकी नजर उनके स्पष्टीकरण और कांग्रेस की आगे की कार्रवाई पर रहेगी।
