आर न्यूज/डेस्क : बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी सप्ताह में बड़ी खबर है। जमशेदपुर समेत देशभर में बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती हैं। 26 और 27 सितंबर को नियमित बैंक अवकाश के बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल है। ऐसे में 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहने की संभावना है।
यह भी पढ़े :आदित्यपुर में अब AI तकनीक से कंप्यूटर सीखेंगे स्टूडेंट्स, GSPI Institute Branch-1 का भव्य पुनः
26 और 27 सितंबर को नियमित छुट्टी
26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, जबकि 27 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
इस तरह जमशेदपुर में 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक शाखा स्तर की बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत कई मांगें
बैंक यूनियनों की ओर से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कई मांगें उठाई जा रही हैं। यूनियनों का कहना है कि पांच दिन बैंकिंग लागू करने का मुद्दा पहले से लंबित है। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI), खाली पदों पर भर्ती और प्रमोशन, पेंशन अपडेट समेत अन्य मुद्दे भी आंदोलन का हिस्सा हैं।
जमशेदपुर में भी आंदोलन की तैयारी
जमशेदपुर में बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से हड़ताल को लेकर बैठक कर रणनीति तैयार की गई है। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख पीएनबी शाखाओं के बाहर प्रदर्शन की भी तैयारी की गई है। इससे महीने के अंतिम दिनों में बैंक शाखाओं पर निर्भर ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्राहकों को क्या करना चाहिए?
लगातार पांच दिनों तक शाखाएं प्रभावित रहने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों को नकद निकासी, चेक जमा, बैंक ड्राफ्ट, दस्तावेज जमा करने और अन्य जरूरी शाखा संबंधी काम पहले ही निपटाने की सलाह दी जा रही है। SBI और Union Bank ने भी ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे करने की सलाह दी है।
हालांकि, ATM, UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है, लेकिन हड़ताल के दौरान कुछ सेवाओं पर असर पड़ सकता है। इसलिए जरूरी लेन-देन के लिए ग्राहकों को पहले से तैयारी करना बेहतर रहेगा।
सरकार और बैंक यूनियनों के बीच बातचीत
हड़ताल से पहले सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से बातचीत की पहल भी की गई है। रिपोर्टों के अनुसार 22 और 23 सितंबर को बैंक प्रबंधन, इंडियन बैंक एसोसिएशन, वित्त मंत्रालय और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच समझौता वार्ता प्रस्तावित है। यदि बातचीत के जरिए सहमति बनती है, तो हड़ताल की स्थिति में बदलाव संभव है।
फिलहाल ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे 26 सितंबर से पहले अपने जरूरी बैंकिंग काम निपटा लें, ताकि लगातार पांच दिनों तक शाखा सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति में उन्हें परेशानी न हो।
