आर न्यूज/डेस्क : रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा-राउरकेला रेलखंड पर 5वीं रेल लाइन को चालू करने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) का काम किया जाएगा। इसके चलते 4 से 15 अक्टूबर 2026 के बीच कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
यह भी पढ़े : हजारीबाग में दर्दनाक सड़क हादसा, होली क्रॉस स्कूल की शिक्षिका की मौत; ट्रेलर चालक गिरफ्तार
रेलवे ने कुछ ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द करने का फैसला लिया है, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है।
कई ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रहेंगी रद्द
रेलवे के अनुसार, बंडामुंडा डी-केबिन में होने वाले काम के कारण चक्रधरपुर, राउरकेला, टाटानगर और आसपास के रेल यात्रियों को परेशानी हो सकती है। प्रभावित ट्रेनों में मेमू, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
इनमें चक्रधरपुर-राउरकेला मेमू, राउरकेला-टाटानगर मेमू, हटिया-राउरकेला पैसेंजर, टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, इस्पात एक्सप्रेस, हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस और हटिया-बेंगलुरु एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें शामिल हैं। अलग-अलग ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है।
राजधानी और उत्कल एक्सप्रेस का बदलेगा मार्ग
काम के दौरान कुछ प्रमुख ट्रेनों को उनके निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित रूट से चलाया जाएगा। रेलवे के अनुसार, 20818 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस 4 और 11 अक्टूबर को गोमो, आद्रा, मिदनापुर, हिजली, भद्रक और कटक होकर चलेगी।
वहीं 18477 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस 12 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचें
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि अक्टूबर में यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति जरूर जांच लें। कई ट्रेनों के रद्द होने और कुछ के रूट बदलने के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की तारीख और ट्रेन की जानकारी पहले से देख लेना जरूरी होगा।
5वीं रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद बंडामुंडा-राउरकेला रेलखंड की परिचालन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। फिलहाल निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन में ये बदलाव किए हैं।
