आर न्यूज/डेस्क : सिसई प्रखंड की मुर्गू पंचायत के महतो मोहल्ला में 15वें वित्त आयोग की राशि से बन रही PCC सड़क को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए काम पर आपत्ति जताई है।
यह भी पढ़े : सिदगोड़ा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, टाटा स्टील कर्मी के क्वार्टर से 40 लाख के जेवर और नकदी गायब
उनका कहना है कि निर्माण के दौरान संबंधित JE की मौजूदगी भी नहीं थी।
ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का लगाया आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की ढलाई में सही आकार के पत्थरों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सड़क की ढलाई करीब दो से ढाई इंच की ही की जा रही है, जबकि मजबूती के लिए इससे अधिक मोटाई होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने सीमेंट और गिट्टी की गुणवत्ता व मात्रा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण में गिट्टी की मात्रा काफी कम रखी जा रही है और कई जगहों पर मिश्रण में बालू और सीमेंट की मात्रा अधिक दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का दावा है कि सड़क की ढलाई के तुरंत बाद ही कुछ हिस्सों में टूट-फूट नजर आने लगी है।
ग्रामीणों ने काम रोकने की मांग की
निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने मौके पर आपत्ति जताई और काम रोकने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि संबंधित JE की मौजूदगी में निर्माण कार्य कराया जाना चाहिए, ताकि काम की गुणवत्ता की निगरानी हो सके।
हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार लाभुक समिति ने काम रोकने से इनकार कर दिया। इससे मौके पर नाराजगी और बढ़ गई।
JE की अनुपस्थिति पर भी उठे सवाल
कार्य की गुणवत्ता और निर्माण स्थल पर JE की अनुपस्थिति को लेकर जब संवाददाता ने JE जगन्नाथ लोहरा से फोन पर जानकारी लेने की कोशिश की, तो उन्होंने कार्यस्थल पर आने से इनकार किया। उनके अनुसार उस दिन छुट्टी थी और उन्हें अधिकारी की तरह आदेश नहीं दिया जा सकता।
इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कराने और गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।
मुखिया ने पेमेंट रोकने और जांच कराने की बात कही
मामले को लेकर मुर्गू पंचायत के मुखिया बंदीराम उरांव ने कहा कि अगर निर्माण कार्य वास्तव में घटिया पाया जाता है, तो कार्य का भुगतान रोका जाएगा। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच के लिए संबंधित पदाधिकारियों को पत्र लिखने की भी बात कही।
मुखिया ने कहा कि PCC सड़क जैसे विकास कार्य ग्रामीणों की सुविधा और जनहित से जुड़े होते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही।
