आर न्यूज/डेस्क : टेल्को कॉलोनी के घड़ी पार्क के पास मंगलवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक ने सड़क पर अपनी पत्नी और सास के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद युवक मौके से चला गया। महिला ने टेल्को थाना पहुंचकर युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि युवक ने पहले उससे शादी की और अब उसे अपने साथ रखने से इनकार कर रहा है।
यह भी पढ़े : मुरगू के महतो मोहल्ला में PCC सड़क निर्माण पर सवाल, JE की गैरमौजूदगी से ग्रामीण नाराज
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पहले शादी की बात, फिर कोर्ट और मंदिर में विवाह
शिकायतकर्ता ईशिका कुमारी के अनुसार, वह बिरसानगर लोयोला बीएड कॉलेज रोड में राशन की दुकान चलाती हैं। इसी दौरान टेल्को कॉलोनी के घड़ी पार्क निवासी और टाटा मोटर्सकर्मी राजेंद्र पाठक उनकी दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे।
ईशिका का कहना है कि इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और राजेंद्र अक्सर दुकान आने लगे। आरोप है कि उन्होंने ईशिका से शादी करने की इच्छा जताई। कुछ समय बाद राजेंद्र के माता-पिता भी शादी की बातचीत के लिए ईशिका के घर पहुंचे थे।
13 अगस्त को कोर्ट मैरिज के लिए किया आवेदन
महिला के मुताबिक, दोनों ने 13 अगस्त को कोर्ट में शादी के लिए आवेदन पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद 3 सितंबर को साकची स्थित शीतला मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पास शादी से संबंधित दस्तावेज और प्रमाण मौजूद हैं।
पूजा का सामान लेने निकली थी मां-बेटी
ईशिका के अनुसार, वह अपनी मां पूनम देवी के साथ खड़ंगाझार बाजार में पूजा का सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान राजेंद्र पाठक भी बाइक से वहां पहुंचे।
महिला का आरोप है कि राजेंद्र ने दोनों को घड़ी पार्क के पास बुलाया और वहां उनके साथ मारपीट की। शिकायत में ईशिका ने आरोप लगाया है कि उसकी मां को चार-पांच थप्पड़ मारे गए और उसका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया गया।
टेल्को थाना में शिकायत, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद ईशिका ने टेल्को थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में दूसरे पक्ष का बयान और पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
