आर न्यूज/डेस्क : देवघर थाना कांड संख्या 795/15 से जुड़े लंबे समय से चल रहे मामले में अदालत ने फैसला सुनाते हुए देवघर विधायक सुरेश पासवान समेत सभी अभियुक्तों को दोषमुक्त कर दिया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी गरिमा मिश्रा की अदालत ने साक्ष्य के अभाव में मामले का निष्पादन किया।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
अदालत के फैसले के बाद विधायक सुरेश पासवान के अलावा कांग्रेस नेता दिनेश कुमार मंडल, नागेश्वर सिंह, गुलाब यादव, महेश यादव, आरजेडी नेता नित्यानंद केशरी, सलीम खान, भाजपा नेता विपिन देव, संतोष पासवान और बलबीर राय को भी दोषमुक्त करार दिया गया।
2015 के किसान आंदोलन से जुड़ा था मामला
यह मामला वर्ष 2015 में हुए किसान आंदोलन के दौरान बाबाधाम स्टेशन के समीप रेल रोको अभियान से जुड़ा था। घटना को लेकर देवघर नगर थाना में नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामला लंबे समय तक न्यायिक प्रक्रिया में रहा। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से आरोपों को साबित करने के लिए प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने मामले पर विचार किया। अंततः पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने सभी अभियुक्तों को दोषमुक्त कर दिया।
लंबे समय बाद आया फैसला
करीब एक दशक पुराने इस मामले में फैसला आने के बाद न्यायिक प्रक्रिया का निष्पादन हुआ। अदालत के फैसले में सभी अभियुक्तों को मामले से दोषमुक्त किया गया है।
मामले में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता राजेंद्र भोक्ता ने पैरवी की।
