आर न्यूज/डेस्क :जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां रोहित तंतुवाइ नामक युवक पिछले करीब 15 दिनों से लापता बताया जा रहा है। युवक के परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द उसकी तलाश और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह भी पढ़े :जमशेदपुर में दोस्तों के बीच विवाद के बाद फायरिंग, युवक के हाथ में लगी गोली
युवक के पिता मनोज तांती के मुताबिक, 3 सितंबर को रोहित कदमा रिंग रोड निवासी एक युवती को अपने घर लेकर आया था और दोनों ने शादी करने की बात कही थी। नाबालिग होने के कारण मामला पुलिस तक पहुंचा और बाद में दोनों को उनके परिजनों के साथ भेज दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि 11 सितंबर को युवती दोबारा रोहित के घर पहुंची और उसे अपने साथ ले गई। इसके बाद दोनों बिरसानगर में किराये के मकान में रहने लगे। परिवार का आरोप है कि बाद में उनसे एक लाख रुपये की मांग की गई और रुपये नहीं देने पर रोहित के साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाया गया। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिवार का कहना है कि पिछले करीब 15 दिनों से रोहित का कोई पता नहीं चल रहा है। परिजनों ने पुलिस से युवक को जल्द खोजने और आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
