आर न्यूज/डेस्क : जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद किए जाने को लेकर जमशेदपुर में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से इस मुद्दे को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिख समुदाय के अलावा विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग भी शामिल हुए।
यह भी पढ़े : गुमला में 8 एकड़ 77 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद, वन विभाग पर फेंसिंग के खंभे तोड़ने का आरोप
बैठक में लोगों ने जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद होने से यात्रियों को हो रही परेशानियों पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि ट्रेन सेवा बंद होने का सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ रहा है। खासकर नियमित रूप से इस ट्रेन से सफर करने वाले लोगों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
बैठक में सरकार से जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन दोबारा शुरू करने की मांग की गई। लोगों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन सेवा बहाल करने की दिशा में जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए।
बैठक में डॉ. अवतार सिंह संधू ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का मुद्दा केवल किसी एक समाज तक सीमित नहीं है। यह आम यात्रियों की सुविधा और उनकी रोजमर्रा की यात्रा से जुड़ा विषय है। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से एकजुट होकर ट्रेन सेवा बहाल कराने की मांग को मजबूती से उठाने की अपील की।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के परिचालन को फिर से शुरू कराने के लिए व्यापक स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
