आर न्यूज/डेस्क : घर से बाइक लेकर निकला एक युवक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसकी गाड़ी जंगल के पास मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मामला हत्या का निकला। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े : पश्चिमी सिंहभूम में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, भट्टियां ध्वस्त; एक आरोपी गिरफ्तार
मृतक की पहचान कोडीर गांव निवासी वसीम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वसीम 2 अक्टूबर की शाम घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
अगले दिन उसकी एक्टिवा मकका बाड़ी के पास मिली। इसके बाद उसके भाई अमीम अंसारी ने डेरा चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
जंगल से बरामद हुआ वसीम का शव
गुमशुदगी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान चिल्का उबका जंगल से वसीम का शव बरामद किया गया।
मामले में पुलिस ने कोटडीह निवासी सोनू खेरवार और उसकी पत्नी मनबासो खेरवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रेम संबंध को लेकर था विवाद
पुलिस के मुताबिक, मनबासो खेरवार और वसीम अंसारी के बीच शादी से पहले संबंध थे। इसी बात को लेकर मनबासो और उसके पति सोनू के बीच विवाद होता था।
पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते वसीम को फोन कर जंगल के पास बुलाया गया और उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को अलग-अलग जगहों पर छिपाने की कोशिश भी की गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की वारदात में गिरफ्तार पति-पत्नी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
