आर न्यूज/डेस्क : जमशेदपुर में देर रात पुलिस और बिंदल मॉल फायरिंग मामले के दो आरोपी शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित जंगल इलाके की है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े :सोनारी मरीन ड्राइव फायरिंग केस में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी मोहन यादव चंडीगढ़ से गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी 26 सितंबर को सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में शामिल थे। उस घटना में चार लोग घायल हुए थे और पूरी वारदात CCTV कैमरे में भी कैद हुई थी। इसके बाद से पुलिस मामले में शामिल आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही थी।
पुलिस का कहना है कि मोहन यादव और अजीत मंडल को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ की गई। दोनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम उन्हें मरीन ड्राइव के जंगल में छिपाए गए हथियारों की बरामदगी के लिए लेकर पहुंची थी।
इसी दौरान, पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की तरफ से भी जवाबी फायरिंग की गई। दोनों ओर से करीब तीन-तीन राउंड यानी कुल छह राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। जवाबी कार्रवाई में मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी और दोनों को पकड़ लिया गया।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच की गई। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद करने का भी दावा किया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस बिंदल मॉल फायरिंग मामले में शामिल अन्य आरोपियों, हथियारों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की जांच आगे बढ़ा रही है।
