आर न्यूज/डेस्क : होमगार्ड भर्ती की दौड़ में रामगढ़ की कविता महतो के जज्बे की चर्चा हो रही है। दुलमी प्रखंड के सोसो गांव की रहने वाली कविता स्पोर्ट्स ड्रेस और जूतों के बजाय साड़ी पहनकर ही भर्ती मैदान में दौड़ने पहुंचीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने निर्धारित 10 मिनट की दौड़ करीब 6 मिनट में पूरी कर ली।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में डांडिया आयोजनों के बदलते स्वरूप पर संस्था ने जताई आपत्ति, DC को सौंपा ज्ञापन
कविता महतो की खास बात यह है कि वह घर की जिम्मेदारियां संभालने के साथ होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि उनके ऊपर दो बच्चों के साथ बुजुर्ग सास-ससुर की जिम्मेदारी भी है। इसके बावजूद उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेकर अपनी मेहनत और हौसले का परिचय दिया।
कविता के दौड़ने की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया। इसके बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने कविता से फोन पर बात की और उनका हौसला बढ़ाया।
बताया गया कि जयराम महतो ने कविता को स्पोर्ट्स शूज, ट्रैकसूट और अन्य जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। उन्होंने कविता को आगे की भर्ती प्रक्रिया के लिए लॉन्ग जंप और हाई जंप की तैयारी पर भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
परिवार की जिम्मेदारियों के बीच भर्ती की तैयारी और साड़ी पहनकर दौड़ में शामिल होने का कविता का प्रयास अब स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
