आर न्यूज/डेस्क : राजनगर प्रखंड के मिडकी गांव में स्टोन क्रशर से होने वाली कथित अवैध ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्रशर में होने वाले तेज धमाकों से आसपास के कई घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। लगातार हो रही ब्लास्टिंग से लोगों के बीच डर का माहौल भी बना हुआ है।
यह भी पढ़े : कुकड़ू प्रखंड में उपायुक्त का औचक निरीक्षण, स्कूल से स्वास्थ्य केंद्र तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
ग्रामीणों के मुताबिक, भगवती स्टोन क्रशर में पिछले करीब तीन वर्षों से नियमों की अनदेखी कर भारी ब्लास्टिंग की जा रही है। उनका दावा है कि धमाकों के कारण कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। कुछ जगहों पर चारदीवारी गिरने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में सौंपा ज्ञापन
मामले को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सचिवालय में ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाने के साथ पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को नुकसान के आधार पर मुआवजा देने की मांग भी रखी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते इस मामले में जांच और कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में नुकसान और बढ़ सकता है।
फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक जांच या कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों पर क्रशर संचालक का पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
