आर न्यूज/डेस्क : शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर खरीदी गई मशीनों के इस्तेमाल पर अब सवाल उठने लगे हैं। सूचना के अधिकार (RTI) से मिली जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने करीब 4 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से दो सफाई मशीनें खरीदी थीं। लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, इन मशीनों का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं हो रहा है।
यह भी पढ़े : KL Rahul Video: गेंद रोकने की कोशिश में स्टंप से टकराया बल्ला, हिट विकेट होकर लौटे पवेलियन
बताया जा रहा है कि खरीदी गई दो मशीनों में से एक पिछले कई महीनों से जेएनएसी कार्यालय में नजर नहीं आई है। वहीं, दूसरी मशीन कार्यालय परिसर में खड़ी है और उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
करोड़ों खर्च होने के बाद भी मशीनों के उपयोग पर सवाल
शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इन मशीनों की खरीद की गई थी। ऐसे में इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बावजूद मशीनों के इस्तेमाल को लेकर सामने आई जानकारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस मामले में नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने कहा है कि वे संबंधित अधिकारियों से दोनों मशीनों की वर्तमान स्थिति और उनके इस्तेमाल की जानकारी लेंगे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एक मशीन कहां है और दूसरी मशीन का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है। अधिकारियों से जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
