आर न्यूज/डेस्क : परसुडीह के चांदनी चौक इलाके में लंबे समय से अधूरे पड़े सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी और विरोध एक बार फिर सामने आया है। BJP परसुडीह मंडल की ओर से त्रिवेणी टावर के पास जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग को लेकर हस्ताक्षर किए।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में JLKM का सम्मान समारोह, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
BJP नेताओं के मुताबिक, सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हुए करीब दो साल का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। पार्टी ने करीब 18 करोड़ 41 लाख रुपये की इस परियोजना में हो रही देरी को लेकर सवाल उठाए हैं।
पार्टी नेताओं ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने और देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में किसी तरह की लापरवाही होने पर संबंधित पक्षों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि निर्धारित मानकों के अनुसार स्थायी और बेहतर सड़क की जरूरत है। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है, ताकि आवागमन में हो रही परेशानी कम हो सके।
BJP नेताओं ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के जरिए मिले जनसमर्थन को संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। हालांकि सड़क निर्माण की गुणवत्ता और परियोजना में देरी को लेकर लगाए गए आरोपों पर संबंधित विभाग और संवेदक का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
