आर न्यूज/डेस्क : धनबाद के व्यस्त भूली मोड़ इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की चपेट में आने से गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान, उसके साथी सद्दाम और उत्तर प्रदेश के गोंडा से धनबाद आई कुमकुम घायल हो गईं।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर के मरीन ड्राइव में तेज रफ्तार डिजायर का कहर, दो स्कूटी और कार को मारी टक्कर, 2 महिलाएं घायल
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए।
अचानक शुरू हुई फायरिंग, दो लोग बने निशाना
जानकारी के अनुसार, सानू खान और सद्दाम किसी काम से भूली मोड़ पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने दोनों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं।
इसी दौरान पांडरपाला इलाके से अपनी खाला के साथ बाजार जा रही कुमकुम भी गोलीबारी की चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि गोली उनके कमर में लगी। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
तीनों घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज
गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सानू खान और कुमकुम को असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सद्दाम का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, कुमकुम उत्तर प्रदेश के गोंडा की रहने वाली हैं और अपने नाना मोहम्मद आमीन के यहां न्यू इस्लामपुर, पांडरपाला आई थीं। इसी दौरान वह गोलीबारी की चपेट में आ गईं।
डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल तीनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटनास्थल से मिले 7 खोखे
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं।
पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
हमलावरों की तलाश में छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले भूली मोड़ इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा।
