आर न्यूज/डेस्क : NH-33 की बदहाल सड़क और लगातार उड़ रही धूल से परेशान होकर बालिगुमा के वार्ड पार्षद राजेश सिंह ने शुक्रवार को डिमना चौक पर धरना शुरू कर दिया। सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को लेकर पार्षद ने सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग उठाई।
यह भी पढ़े : Asian Games 2026: भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने रचा इतिहास, दक्षिण कोरिया को हराकर जीता गोल्ड
धरने की सूचना मिलने पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे और पार्षद से बातचीत की। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्या को समझने के बाद मौके पर ही NHAI के स्थानीय प्रतिनिधियों को बुलाया और NH-33 के सड़क निर्माण की स्थिति की जानकारी ली।
जल्द शुरू होगा NH-33 का निर्माण
सरयू राय ने बताया कि NH-33 का निरीक्षण किया जा चुका है। NHAI की ओर से सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू किए जाने की बात कही गई है। मौके पर मौजूद NHAI के प्रतिनिधियों ने भी निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की जानकारी दी।
विधायक के आश्वासन के बाद पार्षद राजेश सिंह ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
धूल से लोगों को हो रही परेशानी
पार्षद राजेश सिंह ने कहा कि NH-33 की सड़क से लगातार धूल उड़ने के कारण आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कारण सड़क किनारे रहने वाले लोगों के साथ-साथ दुकानदारों और वाहन चालकों को भी दिक्कत हो रही है।
अब सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू होने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लोगों की नजर अब इस बात पर है कि सड़क निर्माण का काम वास्तव में कब शुरू होता है और कितनी तेजी से पूरा किया जाता है।
