आर न्यूज/डेस्क : बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान में लंबे समय से फैली गंदगी को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नाराजगी जताई है। मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे सरयू राय ने मानगो नगर निगम को एक सप्ताह के भीतर सफाई कराने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़े : NH-33 की धूल से परेशान पार्षद का धरना, सरयू राय के आश्वासन पर आंदोलन खत्म
सरयू राय ने कहा कि पिछले करीब तीन महीने से मैदान की नियमित सफाई नहीं होने के कारण यहां कूड़े और मलबे का ढेर जमा है। गंदगी और दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने भी मैदान की सफाई नहीं होने की समस्या से विधायक को अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने स्थानीय मुस्लिम और आदिवासी समुदाय के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान आदिवासी समुदाय की ओर से मैदान की सफाई के बाद अतिक्रमण होने की आशंका भी जताई गई।
इस पर सरयू राय ने कहा कि अतिक्रमण की आशंका के कारण मैदान को गंदा छोड़ना उचित नहीं है। मैदान की सफाई और उसके रखरखाव की व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने मानगो नगर निगम को एक सप्ताह के अंदर सफाई कराने का समय दिया है।
सरयू राय ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर नगर निगम की ओर से सफाई नहीं कराई गई, तो स्थानीय लोग और उनके कार्यकर्ता खुद हाईवा लगाकर मैदान की सफाई कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई के बाद हटाए गए कचरे की जिम्मेदारी नगर निगम की तय की जाएगी।
