आर न्यूज/डेस्क : दुर्गा पूजा को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार को खरसावां थाना क्षेत्र के बरजूडीह और गांगुडीह में छापेमारी कर दो अवैध चुलाई शराब की भट्टियों को ध्वस्त कर दिया।
यह भी पढ़े : भारत-वेस्टइंडीज T20 का जबरदस्त क्रेज, टिकट के लिए JSCA स्टेडियम में भारी भीड़
यह कार्रवाई उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में की गई।
19 लीटर शराब जब्त, 2100 किलो जावा महुआ नष्ट
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से करीब 19 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। वहीं, शराब बनाने के लिए तैयार किए जा रहे करीब 2,100 किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों स्थानों पर संचालित भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया, ताकि वहां दोबारा अवैध शराब का निर्माण न किया जा सके।
भट्टी संचालकों पर होगी कार्रवाई
विभाग अब इन अवैध भट्टियों को संचालित करने वालों की पहचान में जुटा है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
पूजा के दौरान भी जारी रहेगी निगरानी
दुर्गा पूजा को देखते हुए जिला प्रशासन अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर विशेष नजर रख रहा है। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
उपायुक्त ने लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके आसपास कहीं अवैध रूप से शराब बनाई या बेची जा रही है, तो इसकी जानकारी उत्पाद विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
