आर न्यूज/डेस्क : झारखंड में स्कूल नहीं जाने वाले बच्चों की पहचान के लिए शिक्षा विभाग घर-घर सर्वे कराएगा। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से यह सर्वे डहर पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
यह भी पढ़े : टुइलाडुंगरी गुरुद्वारा से 60 श्रद्धालुओं का जत्था चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब के दर्शन के लिए रवाना
इसका उद्देश्य 3 से 18 वर्ष तक के ऐसे बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ना है, जिन्होंने कभी स्कूल में दाखिला नहीं लिया या बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी है।
3 से 18 साल तक के बच्चों का होगा सर्वे
इस सर्वे के तहत राज्यभर में स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान की जाएगी। शिक्षक घर-घर जाकर परिवारों से बच्चों की शैक्षणिक स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके साथ ही बसावटों की मैपिंग की जाएगी और उन्हें संबंधित स्कूलों से जोड़ा जाएगा। बच्चों के स्कूल में नामांकन और पढ़ाई की स्थिति की भी पुष्टि की जाएगी।
9 नवंबर तक पूरी होगी बसावटों की मैपिंग
योजना के अनुसार, बसावटों की मैपिंग और शिक्षकों की टैगिंग का काम 9 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद परिवारों का सर्वे 10 नवंबर से शुरू होगा, जो 10 जनवरी 2027 तक चलेगा।
स्कूल से बाहर बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर जोर
डहर पोर्टल पर जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर स्कूल से बाहर बच्चों के नामांकन और उनकी आगे की पढ़ाई के लिए योजना तैयार करने में मदद मिलेगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बसावट का कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
