आर न्यूज/डेस्क :वोटर लिस्ट और चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। 30 सितंबर को दिल्ली में हुई गठबंधन की बैठक में 19 विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
यह भी पढ़े :कोल्हान यूनिवर्सिटी की 7वें सेमेस्टर की परीक्षा 5 अक्टूबर से, शेड्यूल जारी
बैठक के बाद गठबंधन ने 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया है। इसके अलावा 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों की ओर से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक मार्च निकालने की योजना है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा जाएगा, जबकि गठबंधन की ओर से आने वाले दिनों में पांच बड़ी रैलियां आयोजित करने की भी बात कही गई है।
INDIA गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव और SIR की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। विपक्ष ने चुनावी प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता की मांग करते हुए ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई है।
वहीं, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसके फैसले स्थापित कानूनी प्रक्रियाओं के तहत लिए गए हैं। आयोग का कहना है कि विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।
अब INDIA गठबंधन के इस देशव्यापी अभियान के तहत अक्टूबर में अलग-अलग राज्यों और जिलों में विरोध-प्रदर्शन और मार्च आयोजित किए जाएंगे। इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव भी तेज होता दिखाई दे रहा है।
