आर न्यूज/डेस्क : झारखंड में इस साल मानसून के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 30 सितंबर तक राज्य में कुल 1005 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य बारिश की तुलना में करीब 2 प्रतिशत कम है, यानी पूरे मानसून सीजन में बारिश लगभग सामान्य रही है।
यह भी पढ़े :करनडीह फाटक पर जलजमाव से मिलेगी राहत? दुर्गा पूजा से पहले समाधान की उम्मीद
हालांकि अब राज्य में मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों यानी 1 से 5 अक्टूबर तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान भारी बारिश, तेज आंधी या वज्रपात को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि झारखंड से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। अनुमान है कि करीब 5 अक्टूबर तक राज्य से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम में 1233 मिलीमीटर और सरायकेला-खरसावां में 1220.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं राजधानी रांची में 1215.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 18 प्रतिशत ज्यादा है।
मानसून की वापसी के साथ ही अब लगातार बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश का दौर कमजोर होने के बाद दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है और उमस भी महसूस हो सकती है।
फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना के बीच लोगों को बारिश से राहत मिलने के साथ ही दुर्गा पूजा की तैयारियों के लिए भी अनुकूल मौसम मिलने की उम्मीद है।
