आर न्यूज/डेस्क : पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विश्वविद्यालय ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी गई हैं।
यह भी पढ़े : बैंक हड़ताल फिलहाल टली, ग्राहकों को राहत, 28 से 30 सितंबर तक सामान्य रहेंगे बैंकिंग कामकाज
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कथित तौर पर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और पुलिस वाहनों पर पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को कैंपस में तैनात किया गया। रिपोर्टों के मुताबिक 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
किस बात को लेकर शुरू हुआ विवाद?
प्रदर्शन की शुरुआत एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच के लिए विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया गया है।
वहीं, विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कैंपस में दुष्कर्म की घटना होने के दावे को गलत और अपुष्ट बताया है। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
छात्रों को घर जाने की अनुमति
LPU की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कक्षाएं 10 दिनों के लिए स्थगित रहने के दौरान छात्र अपने अभिभावकों से सलाह लेकर घर जा सकते हैं। जो छात्र हॉस्टल में रहेंगे, उन्हें अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने और किसी भी तरह के विवाद से दूर रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
