आर न्यूज/डेस्क : देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया।
यह भी पढ़े : बोकारो जनरल अस्पताल के पास केबल में लगी आग, दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू
इस फैसले के बाद 28 से 30 सितंबर के दौरान बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहने की उम्मीद है। हड़ताल टलने से खास तौर पर महीने के अंत में होने वाले बैंकिंग काम और ग्राहकों के लिए राहत मिली है।
पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था पर बनेगी समिति
बैठक में बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ी मांगों, खासकर पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था को लेकर आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है। इसके लिए एक समिति बनाए जाने की बात सामने आई है।
बैंक यूनियनों की ओर से पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था सहित कई मांगें उठाई जाती रही हैं। इससे पहले 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का ऐलान किया गया था, जिसके चलते ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में संभावित परेशानी की चिंता थी।
ग्राहकों को क्या फायदा होगा?
हड़ताल स्थगित होने से बैंक शाखाओं में होने वाले सामान्य कामकाज पर तत्काल असर नहीं पड़ेगा। ग्राहक जमा, निकासी, चेक और अन्य शाखा संबंधी जरूरी काम निर्धारित समय के अनुसार कर सकेंगे।
हालांकि, बैंकिंग सेवाओं से जुड़े किसी विशेष काम के लिए ग्राहकों को अपने संबंधित बैंक की सूचना जरूर देखनी चाहिए।
