आर न्यूज/डेस्क : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत धातकीडीह-भादूडीह में आयोजित दो दिवसीय HLM ट्रॉफी सीजन-5 का खिताब मानभूम एफसी चोगा ईचागढ़ ने जीत लिया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच फैसला नहीं हो सका। इसके बाद टॉस के जरिए विजेता का निर्णय हुआ, जिसमें मानभूम एफसी के पक्ष में फैसला गया।
यह भी पढ़े : मजना घाट पुलिया की मरम्मत का काम शुरू, लोगों को मिलेगी राहत; सुमित चौधरी के प्रयास की सराहना
विजेता टीम मानभूम एफसी को तीन लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता जय तारा की टीम को दो लाख रुपये का पुरस्कार मिला। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली एसी ब्लैक टेल्को और बम-बम भोले की टीमों को एक-एक लाख रुपये देकर सम्मानित किया गया।
दीपक बेसरा बने मैन ऑफ द सीरीज
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए मानभूम एफसी के दीपक बेसरा को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। वहीं अमृत गोप को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया।
हरेलाल महतो के जन्मदिन पर आयोजन
HLM ट्रॉफी का आयोजन समाजसेवी हरेलाल महतो के जन्मदिन के अवसर पर किया गया था। समापन समारोह में 106 RAF के कमांडेंट राजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
आयोजन के दौरान रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने हिस्सा लिया। इससे खेल आयोजन के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश भी दिया गया।
नितीश कच्छप की प्रस्तुति ने बांधा समां
समापन समारोह में लोक गायक नितीश कच्छप ने अपनी प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक देर तक जुटे रहे और कार्यक्रम का आनंद लिया।
दो दिनों तक चले इस टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी मौजूद रहे। फाइनल के बाद पुरस्कार वितरण के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ। :::
