आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के पलामू जिले में करमा पर्व के बाद करम डाली विसर्जन के दौरान बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में 6 लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों में नाबालिग भी शामिल हैं।
यह भी पढ़े:Jamshedpur: संताली फिल्म ‘आंगेन’ को National Film Award, निर्देशक Ravi Raj Murmu हुए सम्मानित
पहली घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया गांव के पास हुई। करम डाली और पूजा सामग्री के विसर्जन के दौरान एक 8 वर्षीय बच्चा कोयल नदी के गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देखकर चार अन्य लोग बचाने के लिए नदी में कूद गए। तेज बहाव और गहराई के कारण वे भी पानी में डूब गए। इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अमित कुमार ठाकुर (22), नीतीश कुमार सिंह (18), विशाल पासवान (16), राजा सिंह (12) और हेमंत कुमार सिंह (8) के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शवों को पानी से बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद बोकेया और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।
वहीं, पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया में भी करम डाली विसर्जन के दौरान एक हादसा हुआ। यहां 15 वर्षीय सिंपी कुमारी पानी में डूब गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। इस तरह पलामू में करम डाली विसर्जन से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत हुई।
करमा पर्व के समापन पर करम डाली के विसर्जन की परंपरा निभाई जाती है। इसी दौरान हुए हादसों ने पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
