आर न्यूज/डेस्क : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र से गायब हुई एक ही परिवार की तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चियों को चिरिया ओपी थाना क्षेत्र से बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो किशोरों को भी निरुद्ध किया है।
यह भी पढ़े : बावनगोड़ा में घर-घर कचरा उठाव की तैयारी, डिजिटल रूट मैपिंग के बाद शुरू होगी व्यवस्था
इस संबंध में मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मनोहरपुर थाना क्षेत्र के द्रीपशीला गांव से तीन नाबालिग बच्चियों के गायब होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
दो अज्ञात लड़कों के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला
डीएसपी के अनुसार, बच्चियों के परिजनों की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर मनोहरपुर थाना में दो अज्ञात लड़कों के खिलाफ तीन नाबालिग बच्चियों के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीनों बच्चियां 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे एक परिचित के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। इसके बाद जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
एसपी ने गठित की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के एसपी के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व मनोहरपुर थाना प्रभारी अमिएल एक्का ने किया।
टीम में एसआई विवेक कुमार, एसएआई नवकिशोर कुदादा समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
तीनों बच्चियां सुरक्षित, दो किशोर निरुद्ध
पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीनों नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। मामले में संलिप्त बताए जा रहे दो किशोरों को पुलिस ने विधिवत निरुद्ध किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बच्चियों के गायब होने की परिस्थितियों तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
