आर न्यूज/डेस्क : दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए हैं। केजरीवाल ने CCTV कैमरों को दुरुस्त करने, स्ट्रीट लाइट चालू कराने और रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
केजरीवाल के इन आरोपों के बीच दिल्ली सरकार की ओर से कहा गया है कि महिला सुरक्षा को लेकर लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने संवेदनशील इलाकों की पहचान, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और CCTV से जुड़ी कमियों को दूर करने की दिशा में सरकार की पहल की जानकारी दी है।
वहीं, महिला सुरक्षा को लेकर दिल्ली में प्रशासनिक स्तर पर भी समीक्षा तेज हो गई है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने अधिकारियों के साथ बैठक कर संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, सार्वजनिक पार्कों में रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा हेल्पलाइन और सोशल मीडिया पर मिलने वाली शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, दिल्ली में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर हाल के दिनों में विरोध-प्रदर्शन भी हुए हैं। छात्राओं की ओर से बेहतर स्ट्रीट लाइट, CCTV निगरानी और पुलिस व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई गई है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है।
फिलहाल महिला सुरक्षा का मुद्दा दिल्ली की राजनीति में चर्चा के केंद्र में है। एक तरफ विपक्ष सरकार से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहा है, वहीं सरकार की ओर से संवेदनशील स्थानों की पहचान और सुरक्षा इंतजामों में सुधार का दावा किया जा रहा है।
