आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के चर्चित 730 करोड़ रुपये के कथित GST घोटाले में आरोपी शिव कुमार देवड़ा की जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब सभी की नजरें हाईकोर्ट के अंतिम आदेश पर टिकी हैं।
यह भी पढ़े : रांची में तेज रफ्तार कार ने दो स्कूटी को मारी टक्कर, दारोगा समेत दो घायल; चालक हिरासत में
न्यायमूर्ति एसएन प्रसाद की अदालत में बुधवार को मामले की सुनवाई हुई। शिव कुमार देवड़ा को जमशेदपुर स्थित डायरेक्टरेट जनरल ऑफ GST इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने कोलकाता से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमशेदपुर लाया गया और बाद में रांची सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
90 शेल कंपनियों के जरिए GST घोटाले का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मामले में करीब 90 शेल कंपनियों के नाम पर लगभग 14,325 करोड़ रुपये के कथित फर्जी चालान तैयार किए जाने का आरोप है। इन चालानों के आधार पर 730 करोड़ रुपये से अधिक के अनुचित इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का दावा किए जाने की बात सामने आई है।
आरोप है कि इस कथित फर्जीवाड़े से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा। मामले में शिव कुमार देवड़ा, सुमित गुप्ता, अमित गुप्ता समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच की गई है।
ED कर रही मनी लॉन्ड्रिंग की जांच
मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी ECIR दर्ज कर मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की है। जांच के दौरान कई कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें शिव कुमार देवड़ा, मोहित देवड़ा, अमित गुप्ता, जमशेदपुर के कारोबारी विक्की भालोटिया और बबलू जायसवाल सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।
हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार
शिव कुमार देवड़ा की नियमित जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। फिलहाल जमानत को लेकर अंतिम आदेश नहीं आया है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद ही आरोपी को राहत मिलने या नहीं मिलने की स्थिति स्पष्ट होगी।
