आर न्यूज/डेस्क : विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर पोटका प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को पोटका विधायक संजीव सरदार पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों से मुलाकात कर मतदाता सूची और दस्तावेजों से जुड़ी उनकी समस्याएं सुनीं।
यह भी पढ़े : सरकारी योजनाओं की समीक्षा, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर जोर; अफसरों को दिए कई निर्देश
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि SIR की प्रक्रिया के दौरान नाम कटने की आशंका, नोटिस मिलने और जरूरी दस्तावेजों को लेकर कई तरह की परेशानियां सामने आ रही हैं। विधायक ने लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नाम कटने और दस्तावेजों को लेकर ग्रामीणों में चिंता
ग्रामीणों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान दस्तावेजों से जुड़ी दिक्कतों के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों को नोटिस मिलने और मतदाता सूची में अपने नाम को लेकर भी चिंता है।
इस पर संजीव सरदार ने कहा कि SIR की प्रक्रिया के नाम पर आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकार से वंचित न हो।
संजीव सरदार बोले- हर पात्र मतदाता के अधिकार की रक्षा जरूरी
विधायक ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उससे निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की अपेक्षा की जाती है।
उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने, दस्तावेजों और जातिगत जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर लोगों के बीच असमंजस और परेशानी की स्थिति बन रही है।
संजीव सरदार ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को किसी सरकार के पक्ष में नहीं, बल्कि संविधान और जनता के हित में निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए।
विधायक ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकार से समझौता नहीं होना चाहिए।
गांव-गांव जाकर लोगों की मदद करेंगे कार्यकर्ता
ग्रामीणों की मदद के लिए विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करें और SIR के दौरान नोटिस या दस्तावेजों से जुड़ी समस्या होने पर उनकी मदद करें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों को सही जानकारी देने और उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा, ताकि समय रहते उनका समाधान कराया जा सके।
संजीव सरदार ने कहा कि जनता के अधिकारों और मताधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि SIR की प्रक्रिया से जुड़ी ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल आगे भी जारी रहेगी।
