आर न्यूज/डेस्क : झारखंड के जमशेदपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की जांच की गई। जांच में कुछ वाहनों में सुरक्षा से जुड़ी खामियां सामने आईं, जिसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़े : गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिसकर्मी हिरासत में
जानकारी के मुताबिक, DTO महेश्वरी प्रसाद यादव और ट्रैफिक DSP नीरज पाठक के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान स्कूल वाहनों के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस सर्टिफिकेट, सुरक्षा उपकरण और बच्चों के बैठने की व्यवस्था की पड़ताल की गई।
इस दौरान कई वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया, जबकि कुछ को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
DTO महेश्वरी प्रसाद यादव ने बताया कि जिन वाहनों में कमियां पाई गई हैं, उनके संचालकों को जल्द सुधार करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन को भी पत्र भेजकर सभी निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वहीं, ट्रैफिक DSP नीरज पाठक ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
