आर न्यूज/डेस्क :एशियन गेम्स 2026 में भारत ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में इतिहास रच दिया है। भारतीय खिलाड़ी सुचिका तारियाल ने महिलाओं की Traditional MMA 60 किग्रा कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर एशियन गेम्स में भारत का पहला MMA मेडल हासिल किया है।
यह भी पढ़े :पिकल बॉल चैंपियनशिप में जमशेदपुर के अय्यान सिद्दीकी का जलवा, हासिल किया दूसरा स्थान
36 वर्षीय सुचिका ने रविवार को क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। सेमीफाइनल में पहुंचते ही उनका पदक पक्का हो गया था, क्योंकि इस स्पर्धा में दोनों सेमीफाइनल हारने वाले खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिया जाता है।
सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले के बाद कांस्य
सेमीफाइनल में सुचिका का सामना सिंगापुर की हुई हून तेओ से हुआ। मुकाबला बेहद करीबी रहा और निर्धारित समय के बाद दोनों खिलाड़ियों का स्कोर बराबर रहा। अतिरिक्त राउंड के बाद भी स्पष्ट बढ़त नहीं बन सकी। इसके बाद विजेता का फैसला सुबह के वजन के आधार पर हुआ, जिसमें सिंगापुर की खिलाड़ी करीब 700 ग्राम हल्की थीं। इसके चलते सुचिका फाइनल में जगह नहीं बना सकीं और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
जूडो से MMA तक का सफर
सुचिका तारियाल का खेल करियर कई कॉम्बैट स्पोर्ट्स से जुड़ा रहा है। वह आठ बार की राष्ट्रीय जूडो चैंपियन हैं और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में कुराश में भी हिस्सा लिया। 2024 में उन्होंने जिउ-जित्सु वर्ल्ड चैंपियनशिप में खिताब जीता था।
MMA में उनका सफर भी लंबा रहा है। उन्होंने इस खेल में 2017 में शुरुआत की थी और बाद में जूडो व जिउ-जित्सु पर ध्यान देने के बाद 2024 में MMA में वापसी की। एशियन गेम्स 2026 में उनकी यह उपलब्धि भारतीय MMA के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गई है।
Asian Games में MMA का भी डेब्यू
एशियन गेम्स 2026 में MMA पहली बार आधिकारिक रूप से शामिल किया गया है। ऐसे में सुचिका तारियाल का कांस्य पदक इस खेल में भारत का पहला एशियन गेम्स पदक भी है। उनके प्रदर्शन ने भारत के कॉम्बैट स्पोर्ट्स में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
सुचिका की ऐतिहासिक उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उन्हें बधाई दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि एशियन गेम्स में MMA की शुरुआत के साथ आया यह पदक भारतीय खेलों के लिए विशेष महत्व रखता है।
