र न्यूज/डेस्क : हजारीबाग के पेलावल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छड़वा डैम के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान धनंजय कुमार, पिता राजकुमार महतो, निवासी कंचनपुर गांव, कटकमसांडी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धनंजय आर्मी में जवान थे।
सूचना मिलते ही पेलावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली।
मौत की वजह तलाश रही पुलिस
धनंजय की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है। पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ दूसरे संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पेलावल थाना प्रभारी बिट्टू कुमार रजक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मौत से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जवान की मौत को लेकर गांव में भी चर्चा और चिंता का माहौल है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धनंजय की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई।