आर न्यूज/डेस्क : जुगसलाई थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित घोड़ा चौक के पास एक प्लाईवुड दुकान में चोरों ने धावा बोलकर करीब एक लाख रुपये नकद समेत लैपटॉप, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और सोने का एक सिक्का चोरी कर लिया। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद दुकान संचालक ने जुगसलाई थाना पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़े :जमशेदपुर के कदमा में ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकानों में पहुंची महिला, पायल और नथिया लेकर फरार
जानकारी के अनुसार, दो युवक स्कूटी से दुकान के पास पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों छत के रास्ते दुकान के अंदर दाखिल हुए और सीढ़ियों के माध्यम से नीचे पहुंचे। इसके बाद चोरों ने दुकान में नकदी और कीमती सामान की तलाश की। सामान समेटने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी दुकान की छत तक किस रास्ते से पहुंचे और चोरी के बाद किस दिशा में फरार हुए।
आसपास के कैमरों की भी जांच
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी गतिविधियों के बारे में सुराग मिल सके। चोरी किए गए सामान और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
