आर न्यूज/डेस्क : टाटानगर रेलवे स्टेशन के एग्जिट गेट के बाहर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी लाल यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लाल यादव कचरा चुनकर अपना जीवनयापन करता था।
यह भी पढ़े:बाइक को बचाने में अनियंत्रित हुई फॉर्च्यूनर, चांपी के पास नहर में गिरी; दो घायल
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे लाल यादव टाटानगर रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने के बाद सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वह डिवाइडर पार करने का प्रयास कर रहा था। तभी चाईबासा बस स्टैंड की ओर से जुगसलाई की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया।
ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि लाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।
वहीं, हादसे के बाद पुलिस ट्रेलर और उसके चालक से संबंधित जानकारी जुटा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने टाटानगर स्टेशन के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि स्टेशन के बाहर लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में परेशानी होती है।
