आर न्यूज/डेस्क : हालिया सड़क हादसे के बाद मुख्य सड़कों के किनारे खड़े वाहनों को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हादसे के बाद सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है, लेकिन जमुआ-पचंबा मुख्य मार्ग पर अब भी सड़क किनारे बड़े वाहनों की कतारें देखी जा रही हैं।
यह भी पढ़े : झारखंड के पारंपरिक वाद्ययंत्र मांदर को मिला GI Tag, अब दुनिया तक पहुंचेगी इसकी थाप
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद परिवहन विभाग की ओर से सभी जिलों के DTO को मुख्य और सहायक सड़कों के किनारे वाहनों की पार्किंग रोकने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
चित्तरडीह के पास सड़क किनारे खड़े रहते हैं बड़े वाहन
जमुआ-पचंबा मुख्य मार्ग पर चित्तरडीह बाजार से पहले पहाड़ी के पास करीब आधा किलोमीटर तक सड़क किनारे बड़े वाहनों के खड़े रहने की बात सामने आ रही है। इन वाहनों की वजह से मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित होता है।
खासकर जब विपरीत दिशा से वाहन आते हैं, तो सड़क की चौड़ाई कम पड़ने के कारण चालकों को परेशानी होती है। ऐसे में सड़क हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
निर्देश के बाद भी कार्रवाई पर सवाल
हादसे के बाद सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग को लेकर निर्देश जारी होने के बावजूद यदि सड़कों पर स्थिति जस की तस रहती है, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि इन निर्देशों का पालन कब और किस स्तर पर कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों पर नियमित कार्रवाई होनी चाहिए। उनका मानना है कि समय रहते ऐसे वाहनों को हटाया जाए तो यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ सड़क हादसों का खतरा भी कम किया जा सकता है।
अब कार्रवाई का इंतजार
हालिया हादसे के बाद लोगों की नजर अब जिला परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई पर है। सवाल यह है कि क्या सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा या फिर निर्देश सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाएंगे?
मामला सिर्फ यातायात व्यवस्था का नहीं है। सड़क पर सुरक्षित सफर और लोगों की जिंदगी से जुड़ा यह मुद्दा प्रभावी कार्रवाई की मांग करता है।
