आर न्यूज/डेस्क: एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार का दिन भारतीय शूटिंग के लिए शानदार रहा। भारत ने शूटिंग में एक गोल्ड और एक सिल्वर समेत दो पदक अपने नाम किए। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत को शूटिंग में पहला स्वर्ण दिलाया। वहीं, पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष पाटिल और नीरज कुमार ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
यह भी पढ़े:एशियन गेम्स में भारत को शूटिंग में सिल्वर, 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन्स टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन
सुरुचि-कमलजीत ने जीता शूटिंग का गोल्ड
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम फाइनल में भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 484.6 अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया की सुह्योन होंग और गाउन चू की जोड़ी 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि ईरान ने 415.8 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। भारत ने दक्षिण कोरिया को 6.6 अंकों के अंतर से पीछे छोड़ा।
सुरुचि और कमलजीत ने इससे पहले क्वालिफिकेशन में भी दमदार प्रदर्शन किया था। भारतीय जोड़ी ने 587 अंक और 29 इनर-10 के साथ शीर्ष स्थान हासिल करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।
खास बात यह रही कि दोनों निशानेबाज अपने व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल मुकाबलों में पदक दौर तक नहीं पहुंच पाए थे। इसके बावजूद मिक्स्ड टीम इवेंट में दोनों ने शानदार वापसी करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया।
ऐश्वर्य, रुद्राक्ष और नीरज ने दिलाया सिल्वर
इसके बाद भारत के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष पाटिल और नीरज कुमार ने पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। भारतीय टीम ने कुल 1762-94x का स्कोर किया और दूसरे स्थान पर रही।
चीन ने 1766-95x के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि दक्षिण कोरिया ने 1751-87x के साथ कांस्य पदक हासिल किया। भारत और चीन के बीच केवल चार अंकों का अंतर रहा।
भारतीय टीम के प्रदर्शन में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार का योगदान खास रहा। ऐश्वर्य ने 589-34x और नीरज ने 588-34x का स्कोर करते हुए व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई। रुद्राक्ष पाटिल व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके, क्योंकि एक देश से अधिकतम दो निशानेबाज ही व्यक्तिगत फाइनल में पहुंच सकते हैं।
शूटिंग बनी भारत के लिए बड़ा पदक स्रोत
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटिंग दल लगातार पदक जीत रहा है। 25 सितंबर तक भारत के कुल 19 पदकों में शूटिंग का योगदान 9 पदकों का रहा है। इनमें 2 गोल्ड, 5 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
सुरुचि सिंह और कमलजीत का गोल्ड एशियन गेम्स 2026 में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक भी रहा। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीता था।
शूटिंग रेंज पर लगातार मिल रहे इन पदकों से भारतीय दल की पदक तालिका भी मजबूत हुई है। शुक्रवार को मिले इन दो पदकों ने भारत की एशियन गेम्स 2026 की पदक संख्या को 19 तक पहुंचा दिया।
