आर न्यूज/डेस्क : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आशियाना चौक पर सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
यह भी पढ़े : धनबाद में बंटी खान का पैदल मार्च, पूछताछ में मिले कई अहम सुराग; विदेश भागने की तैयारी के संकेत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले के कई प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
नकाबपोश बदमाशों ने जबरन दूसरी गाड़ी में बैठाया
जानकारी के मुताबिक, कोलीबीरा निवासी आफताब सोमवार रात अपनी कार से आशियाना चौक के पास था। इसी दौरान नकाबपोश छह-सात लोग एक वाहन से वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने आफताब को उसकी कार से उतारा और जबरन दूसरी गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने मौके पर एक राउंड हवाई फायरिंग भी की। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त अफसर अली नामक व्यक्ति के भी मौके पर मौजूद होने की बात सामने आई है।
पुलिस की नाकेबंदी के बाद तामोलिया में छोड़ा
अपहरण की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने आदित्यपुर, कांड्रा, चांडिल और पारडीह कालीमंदिर के आसपास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। पुलिस की बढ़ती सक्रियता के बीच बदमाश आफताब को तामोलिया के पास छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने आफताब को सुरक्षित बरामद कर लिया है और अब पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
आरआईटी मोड़ की कंपनी में सुपरवाइजर है आफताब
बताया जा रहा है कि आफताब आरआईटी मोड़ के पास स्थित एक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर काम करता है। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती तौर पर पुराने विवाद को अपहरण की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, घटनास्थल से पुलिस को फिलहाल कोई खोखा नहीं मिला है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा सकती है।
