आर न्यूज/डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी इस बार भारत में होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑक्शन के लिए गोवा को वेन्यू के तौर पर फाइनल कर दिया है। यह नीलामी दिसंबर 2026 में आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़े :एशियन गेम्स में भारत का पदक अभियान जारी, अब तक 14 पदक
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में आईपीएल ऑक्शन विदेशों में आयोजित किए गए थे, लेकिन इस बार इसे भारत में वापस लाया जा रहा है। IPL चेयरमैन अरुण धूमल के मुताबिक नीलामी दिसंबर के मध्य, संभावित तौर पर 15-16 दिसंबर के आसपास हो सकती है। हालांकि, अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
पिछले तीन ऑक्शन की बात करें तो 2024 सीजन से पहले नीलामी दुबई, 2025 की मेगा ऑक्शन जेद्दा और 2026 का ऑक्शन अबू धाबी में आयोजित किया गया था। ऐसे में 2027 का ऑक्शन भारत में लौटना खास माना जा रहा है। इससे पहले भारत में आखिरी बार 2023 सीजन के लिए ऑक्शन दिसंबर 2022 में कोच्चि में हुआ था।
मिनी ऑक्शन होगा
IPL 2027 का ऑक्शन मिनी ऑक्शन होगा। ऐसे में टीमों के पास अपनी मौजूदा स्क्वॉड में जरूरी बदलाव करने और कुछ खास खिलाड़ियों को शामिल करने का मौका होगा। ऑक्शन से पहले रिटेंशन, रिलीज और ट्रेड को लेकर भी फ्रेंचाइजियों की रणनीति पर नजर रहेगी।
गोवा में इससे पहले भी IPL ऑक्शन आयोजित हो चुका है। 2009 में हुए दूसरे सीजन के ऑक्शन की मेजबानी गोवा ने की थी। अब करीब 18 साल बाद एक बार फिर गोवा में आईपीएल खिलाड़ियों पर बोली लगती दिखाई देगी।
IPL 2027 ऑक्शन की सटीक तारीख और खिलाड़ियों की अंतिम सूची से जुड़ी जानकारी BCCI की ओर से आगे जारी की जाएगी।
